बरेली। मुस्लिम समुदाय के ही दो खुराफातियों ने आला हजरत की शान में गुस्ताखी करते हुए फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट और कमेंट कर दिए। इससे उनके मुरीदों में गुस्सा भर गया। एसएसपी के आदेश पर प्रेमनगर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट लिखी है।
मंगलवार को जमात ए रजा मुस्तफा संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सलमान मियां के नेतृत्व में कई लोग एसएसपी से उनके कैंप कार्यालय जाकर मिले। धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वालों पर कार्रवाई की मांग की। बताया कि आला हजरत के मुरीद पूरी दुनिया में फैले हैं। फेसबुक पर कोहाड़ापीर इलाके के निवासी अदनान वारसी और इमरान वारसी नाम के दो युवकों ने आला हजरत के साथ ही मरकज को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां कर दीं हैं। इससे आला हजरत के मुरीदों की भावनाएं आहत हुई हैं। एसएसपी से मिलने वालों में शमीम खां सुल्तानी, समरान खान, शमीम अहमद, मोईन खान, अब्दुल्लाह रजा, ताज खां और तम्हीद पठान आदि शामिल थे। प्रेमनगर पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।