बरेली। संदिग्ध परिस्थितियों में बेटे की मौत होने के बाद महिला ने अपनी बहू पर बेटे को प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। महिला के मुताबिक अवैध संबंधों के चलते बहू ने यह सब किया। संपूर्ण समाधान दिवस में की गई शिकायत पर जांच के बाद थाना प्रेमनगर में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले में की जांच कर रही है।
प्रेमनगर क्षेत्र निवासी दवाइयों का काम करने वाले एक व्यक्ति की 26 अगस्त को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। व्यक्ति की पत्नी उन्हें जिला अस्पताल में मृत घोषित किए जाने पर ससुराल लेकर पहुंची थी। उनकी सास ने बहू पर शक जताते हुए पुलिस को सूचना दी थी और बेटे के शव का पोस्टमार्टम कराया था। रिपोर्ट में विषाक्त पदार्थ खाने की आशंका जताते हुए विसरा प्रिसर्व कर लिया गया था। महिला के मुताबिक बहू के एक व्यक्ति से अवैध संबंध थे। जिसे वह अपना चाचा बताती थी। इसके चलते उसने अपना पहला बच्चा भी एक जानपहचान के दंपती को गोद दे दिया था। फिर पति पर बच्चा वापस दिलाने का दबाव बनाती थी और बेटे को मानसिक रूप से प्रताड़ित करती थी। महिला ने बताया कि दूसरे पोते ने उन्हें घटना के दिन बहू के प्रेमी के घर में ही मौजूद होने की बात बताई थी।