बरेली। शहर के दुर्गानगर मोहल्ले में शादी के चार महीने बाद ही विवाहिता ने फंदा लगाकर जान दे दी। मायके वालों ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट कराई है।
मंगलवार सुबह दुर्गानगर मोहल्ला निवासी संजय शर्मा की पत्नी 23 वर्षीय मिथलेश की मौत का शोर मचा तो पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस पहुंच गई। फरीदपुर के शंकरपुर अंधरपुरा गांव से मिथलेश के भाई महेश और अन्य परिजन पहुंचे। पता लगा कि सुबह नहाकर पूजा करने के बाद मिथलेश ने अपने कमरे में जाकर फंदा लगा लिया। शव का पोस्टमार्टम कराया गया। महेश ने अपने बहनोई साड़ी की दुकान पर काम करने वाले संजय शर्मा, उसके पिता ब्रह्मस्वरूप, भाई राकेश और मां के खिलाफ बारादरी थाने में दहेज हत्या की रिपोर्ट कराई। बताया कि छह मई को करीब 11 लाख खर्चा करके शादी की थी। इसके बाद भी डेढ़ लाख रुपया और कार की मांग हो रही थी। कुछ दिन पहले पचास हजार रुपये और दिए थे। महेश के मुताबिक तीन दिन पहले ही बहन ने उन्हें बुलाकर अपने साथ हो रहे घटनाक्रम के बारे में बताया था। तब उन्हें अहसास नहीं था कि ऐसा हो जाएगा। वह पहुंचे तो ससुराली शव को फंदे से उतार चुके थे। राकेश को छोड़कर पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।