बरेली। संपत्ति के विवाद में बीते बृहस्पतिवार को एक महिला पर उसके देवर ने तेजाब फेंक दिया। फिर दरवाजा बंद कर तड़पने के लिए छोड़ दिया। अगली सुबह किसी तरह छूटकर पति पुलिस के पास पहुंचा और कार्रवाई की मांग की, लेकिन पुलिस टाल गई। पांच दिन घर पर इलाज के बाद हालत बिगड़ी तो सोमवार को पीड़िता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। किला थाने में आरोपी देवर और उसकी पत्नी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
किला क्षेत्र के छोटी बमनपुर मलूकपुर निवासी अजीत कुमार सोमवार सुबह गंभीर रूप से जली हुई पत्नी किरन को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। अजीत ने बताया कि उनकी पत्नी पर तेजाब फेंका गया है। हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया और सूचना पुलिस को दी। किला पुलिस की पूछताछ में अजीत ने बताया कि वह श्यामगंज में मजदूरी करते हैं। उनका छोटे भाईयों से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है। अजीत के मुताबिक, 11 सितंबर की रात काम से लौटकर वह घर की पहली मंजिल पर लगे जाल पर बैठकर खाना खाने लगे तो छोटा भाई संजीव और उसकी पत्नी मिनी आपत्ति जताते हुए गालीगलौज करने लगे। उनकी पत्नी पास ही बैठी थी। आरोप है कि विरोध करने पर संजीव ने एक मग में भरकर आभूषण साफ करने वाला तेजाब उन पर फेंक दिया। तेजाब पत्नी के सिर और हाथ पर गिरा। उनके ऊपर भी तेजाब की छींटे आईं।
इसके बाद संजीव ने ईंट मारकर उन्हें घायल कर दिया। फिर दरवाजे पर ताला डालकर चले गए। अगली सुबह ही वह भाई के चंगुल से छूटकर सीधा थाने गए थे। वहां उन्होंने रात की घटना बताते हुए संजीव की शिकायत की थी। लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके चलते भाई उन्हें लगातार प्रताड़ित करते रहे। पांच दिन घर पर इलाज के बाद सोमवार को पत्नी की हालत बिगड़ी तो वह उन्हें लेकर जिला अस्पताल आए। बताया कि संजीव कुछ समय पहले तक घर में ही आभूषण बनाने का काम करता था। सबसे छोटे भाई विपिन की एक टांग कटी हुई है। दोनों मां मीना देवी के साथ मकान के नीचे वाले हिस्से में रहते हैं।
‘मामला संज्ञान में आया है। इससे पहले पीड़ित ने कहीं शिकायत नहीं की थी। कार्रवाई न करने का आरोप गलत है। शिकायत के मुताबिक रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी।’
- सीमा यादव, सीओ टू