छात्रा के गंभीर आरोपों से घिरे स्वामी चिन्मयानंद की मुश्किल लगातार बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को एसआईटी के निर्देश पर स्वामी के मुमुक्षु आश्रम पर पुलिस का कड़ा पहरा लगा दिया गया। बिना अनुमति आश्रम से चिन्मयानंद के बाहर जाने पर भी रोक लगा दी गई और आश्रम में उनका बेडरूम सील कर दिया गया।
बृहस्पतिवार रात करीब एक बजे तक स्वामी चिन्मयानंद से पूछताछ के बाद शुक्रवार दोपहर एसआईटी पीड़ित छात्रा को लेकर स्वामी के मुमुक्षु आश्रम पहुंची। यहां छात्रा और स्वामी से अलग-अलग पूछताछ कर अन्य जानकारियां लीं और फोरेंसिक टीम ने जरूरी साक्ष्य इकट्ठा किए।
उस घटनास्थल को भी देखा, जहां छात्रा ने अपने साथ दुष्कर्म और शारीरिक शोषण किए जाने का आरोप लगाया है। इस दौरान आश्रम गेट व एसएस कॉलेज और एसएस लॉ कॉलेज गेट पर पुलिस का कड़ा पहरा था। एसआईटी की जांच के मद्देनजर शुक्रवार को कॉलेज में अवकाश घोषित कर इसका नोटिस कॉलेज गेट पर चस्पा कर दिया गया।
स्वामी चिन्मयानंद और छात्रा प्रकरण में कई चरण की जांच के बीच एसआईटी ने शुक्रवार सुबह छात्रा के घर नोटिस भेजा कि जांच में और बिंदुओं पर पूछताछ व साक्ष्यों के लिए छात्रा को मुमुक्षु आश्रम पहुंचना होगा। इसके बाद छात्रा और उसके पिता को पुलिस की गाड़ी में बैठाकर दोपहर 1:15 बजे मुमुक्षु आश्रम ले जाया गया, लेकिन इससे पहले एसएस कॉलेज और मुमुक्षु गेट पर पुलिस का कड़ा पहरा लगा दिया गया था।
सबसे अधिक फोर्स मुमुक्षु आश्रम गेट पर लगी थी और छात्रा को आश्रम में इसी गेट से एंट्री कराई गई। इसके बाद 1:24 बजे एसआईटी फोरेंसिक एक्सपर्ट के साथ गाड़ियों से मुमुक्षु आश्रम पहुंच गई। टीम के अंदर दाखिल होते ही पुलिस फोर्स ने आश्रम का गेट बंद कर दिया और टीम के अंदर मौजूद होने तक किसी को आश्रम में नहीं जाने दिया गया।
एसआईटी ने स्वामी के बेडरूम को बृहस्पतिवार रात में ही सील कर दिया था और आश्रम में पुलिस को हिदायत दी गई थी कि एसआईटी की बगैर अनुमति के स्वामी कहीं आ जा नहीं सकते हैं। एसआईटी ने छात्रा को साथ लेकर फिर हॉस्टल से लेकर स्वामी के आश्रम तक चक्कर लगाए और छात्रा व स्वामी से दुष्कर्म, शारीरिक शोषण और रंगदारी से जुड़े मामलों में गहराई से फिर पूछताछ की।
वहीं एसआईटी के साथ पहुंची फोरेंसिक टीम ने आश्रम में इस घटना से जुड़े साक्ष्यों को इकठ्ठा किया। बता दें कि छात्रा ने आश्रम में दुष्कर्म और शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। इसलिए एसआईटी आश्रम में छात्रा को साथ लेकर तथ्यों को खंगालने पहुंचीं थी। देर शाम तक एसआईटी छात्रा को लेकर आश्रम में मौजूद रही।
एसपी, डॉ. एस चन्नप्पा के कहा कि मामले को एसआईटी देख रही है। इसलिए इस मामले में कोई जानकारी नहीं है। स्थानीय पुलिस सुरक्षा व्यवस्था में लगी हुई है।