बरेली। बारादरी थाना क्षेत्र के जगतपुर निवासी अजहर को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। अजहर पर आरोप है कि उसने धर्म छिपाकर शाहजहांपुर की युवती को प्रेमजाल में फंसाया। युवती की अश्लील वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करते हुए धर्म परिवर्तन कराया और धमकाकर शादी कर ली। आरोपी ने बाद में अपने दोस्तों से भी सामूहिक दुष्कर्र्म करवाया। पीड़ित की रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद से ही पुलिस अजहर की तलाश में जुटी थी। उसे मंगलवार रात गिरफ्तार कर बुधवार को जेल भेज दिया।
पीड़ित शाहजहांपुर जिले की रहने वाली है। उसकी बड़ी बहन पीलीभीत जिले में रहती है। पढ़ाई के सिलसिले में युवती अपनी बहन के पास ही रहती थी। उसके घर के पास बरेली के जगतपुर निवासी अजहर काम करता था। अजहर हाथ में कलावा बांधता था। टीका भी लगाता था। खुद को युवती की जाति और समुदाय का बताकर उससे नजदीकियां बढ़ा लीं। शारीरिक संबंध बनाए और वीडियो क्लिप बना ली। इसके बाद धर्म परिवर्तन कर युवती से निकाह करने को कहा। युवती ने इंकार किया तो आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी दी। 27 अप्रैल को अजहर ने युवती से निकाह कर लिया। इससे पहले शहर के प्रतिष्ठित धर्मस्थल पर उसका धर्म परिवर्तन करा दिया। युवती अजहर के साथ रहने लगी। युवती का आरोप है कि अजहर के दोस्त रिक्की और विक्की ने भी उसके साथ जबर्दस्ती संबंध बनवाए। दोस्तों के आने पर अजहर दरवाजा बंद कर बाहर बैठ जाते थे। युवती किसी तरह भाग निकली और बहन के घर पहुंची। इसके बाद युवती ने रिपोर्ट करा दी।