बरेली। संदिग्ध परिस्थितियों में निगम के एक संविदा कर्मचारी की मौत के बाद उनकी पत्नी ने कुछ सूदखोरों पर पति को जहर देने का आरोप लगाया है। उनके मुताबिक रुपये न मिलने पर सूदखोरों ने पति को बुलाया और जहर खिला दिया। पत्नी ने सूदखोरों पर हत्या का आरोप लगाते कार्रवाई की मांग की है। प्रेमनगर क्षेत्र के जाटवपुरा निवासी हेमंत कुमार नगर निगम में संविदा कर्मचारी थे। उनकी पत्नी संगीता ने बताया कि हेमंत ने इलाके के ही एक सूदखोर से कुछ रुपये उधार लिए थे। समय सीमा के रहते रुपये ब्याज समेत रकम लौटा भी दिए थे। उनके मुताबिक रुपये लौटाने के बावजूद सूदखोर हेमंत को रुपयों के लिए परेशान करते थे। उनसे रंगदारी मांगते थे। आरोप है कि इसके चलते बीते वर्ष 15 सितंबर को सूदखोरों ने उन्हें बहाने से बुलाकर जहर दे दिया था। पति बहुत खराब हालत में घर लौटे थे। तुरंत उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। इलाज के दौरान लखनऊ में हेमंत की मौत हो गई थी। बताया कि शिकायत करने के बावजूद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।