फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एसआईटी ने डाला डेरा, पहले होमवर्क फिर होगी पूछताछ

विज्ञापन
विज्ञापन
शाहजहांपुर। एसएस लॉ कॉलेज की एलएलएम की छात्रा द्वारा पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री स्वामी चिन्मयानंद पर लगाए गए आरोपों की जांच करने एसआईटी (विशेष जांच दल) शुक्रवार को शाहजहांपुर पहुंच गई। कांट रोड स्थित कृभको के गेस्ट हाउस में एसआईटी ने जिले के पुलिस अफसरों से वार्ता की। इसके बाद छात्रा के अपहरण और स्वामी चिन्मयानंद से रंगदारी मामले से जुड़े अभिलेख पुलिस ने टीम को सौंप दिए। टीम का नेतृत्व कर रहे आईजी नवीन अरोड़ा ने मीडिया को बताया कि अब अभिलेखों का अवलोकन करने के बाद जांच आगे बढ़ेगी।
विज्ञापन

बताते चलें कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर प्रदेश सरकार ने आईजी नवीन अरोड़ा के नेतृत्व में एसआईटी की टीम गठित कर दी है। जिसमें आईपीएस भारती सिंह समेत 16 लोग शामिल हैं। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे एसआईटी की टीम शाहजहांपुर पहुंची। उसे कृभको श्याम फर्टिलाइजर के गेस्ट हाउस में ठहराया गया। जहां एसपी डॉ. एस चन्नप्पा, एएसपी सिटी दिनेश त्रिपाठी, एएसपी ग्रामीण अपर्णा गौतम आदि पुलिस अफसरों से टीम ने छात्रा के अपहरण और स्वामी चिन्मयानंद से रंगदारी मांगे जाने के मामले की जानकारी की। पुलिस की अब तक की हुई जांच आदि से जुड़े दस्तावेज भी टीम ने अपने हाथ में ले लिए। आईजी नवीन अरोड़ा और उनकी टीम में शामिल 41 बटालियन पीएसपी गाजियाबाद की एसएसपी रैंक की अधिकारी भारती सिंह व टीम के अन्य लोग मौजूद थे। आईजी ने शुक्रवार शाम करीब चार बजे मीडिया से वार्ता कर जानकारी दी कि अब मामले की जांच पूरी तरह से एसआईटी की टीम करेगी। एसआईटी ने पुलिस लाइन में अस्थाई कार्यालय बनाया है।
आईजी नवीन अरोड़ा ने बताया कि टीम का गठन करने में दो दिन का वक्त लग गया, इसलिए यहां आने में देरी हुई। उन्होंने बताया कि टीम में शामिल करने के लिए पूरे प्रदेश के पुलिस अफसरों का रिकॉर्ड खंगाला गया कि इस टीम में उन्हीं लोगों को शामिल किया जाए जो स्वच्छ छवि के हों और उन पर किसी तरह का भ्रष्टचार या किसी तरह का कोई आरोप न लगा हो। टीम में 16 लोगों को शामिल किया गया है।
विज्ञापन

आईजी ने बताया कि टीम में फोरेंसिक एक्सपर्ट, सर्विलांस एक्सपर्ट के साथ ही लीगल एडवाइजर (एसपीओ) को शामिल किया गया है, ताकि जांच में किसी तरह के किसी बिंदु की जांच प्रभावित न हो।
आईजी ने बताया कि उनका पहला काम पुलिस की अब तक की विवेचना, कोर्ट में प्रस्तुत किए गए साक्ष्य व दस्तावेजों को कलेक्ट कर उनकी गहराई से जांच पूरी करना है। इसके बाद पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री स्वामी चिन्मयानंद से छात्रा अपहरण मामले में पूछताछ की जा सकती है।
एसआईटी टीम में शामिल किए गए लोगों में से कुछ लोग बृहस्पतिवार को ही शाहजहांपुर पहुंच गए थे, लेकिन शुक्रवार को आईजी नवीन अरोड़ा दोपहर टीम के अन्य सदस्यों के साथ पहुंचे और स्वामी चिन्मयानंद से जुड़े दोनों ही केस के बारे में जानकारी कर दस्तावेज लिए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें