बरेली। महाराष्ट्र में तैनात आईपीएस नूरूल हसन की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर चेटिंग के मामले में इज्जत नगर पुलिस ने दिल्ली से लाए आरोपी रिक्शावाले जावेद को जेल भेज दिया। साथ ही आरोप लगाने वाली छात्रा और उसकी मां को भी जेल भेजा गया है। इससे पहले आईपीएस के पिता की ओर से छात्रा और उसकी मां के खिलाफ रंगदारी मांगने की रिपोर्ट दर्ज करा दी गई।
दिल्ली में रिक्शा चलाने वाले 52 वर्षीय जावेद को पंद्रह दिन की मशक्कत के बाद इज्जत नगर पुलिस दिल्ली से पकड़कर लाई थी। उसने महाराष्ट्र में तैनात बरेली निवासी युवा आईपीएस अफसर नूरूल हसन के लिए मुसीबत खड़ी कर दी थी। जावेद करीब छह महीने से नूरूल हसन की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर बरेली की बीकॉम की पढ़ाई कर चुकी लड़की से चैटिंग कर रहा था। बात तब बिगड़ी जब लड़की ने वीडियो कॉलिंग की जिद की। पोल खुलने के डर से जावेद उससे कन्नी काटने लगा। छात्रा ने पुलिस से नूरूल हसन के खिलाफ शिकायत कर दी। वहीं, नूरूल हसन के पिता शमशुल हसन की ओर से भी अज्ञात आरोपी के खिलाफ बेटे को परेशान करने की रिपोर्ट कराई गई। पुलिस सक्रिय हुई और साइबर सेल की मदद ली तो पता चला कि सारा कियाधरा दिल्ली के एक रिक्शे वाले जावेद का है।
रविवार को पुलिस ने जावेद की पहचान को छात्रा को बुलाया तो उसने हंगामा कर दिया। बाद में पुलिस ने छात्रा और उसकी मां को हिरासत में लेकर महिला थाने भेज दिया। सोमवार को जावेद को इज्जत नगर थाने से तो मां-बेटी को महिला थाने से कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।
आईपीएस के पिता बोले- शादी और रंगदारी की मांग कर रही थीं
- शहर के परवाना नगर निवासी शमशुल हसन ने सोमवार को जो नई रिपोर्ट कराई उसके मुताबिक कुछ दिनों से छात्रा और उसकी मां ने उन्हें परेशान कर रखा था। छात्रा दो नंबरों से उन्हें लगातार कॉल कर रही थी। उसका जोर था कि नूरूल हसन से उसकी शादी करा दी जाए। ऐसा न करने पर उन्हें और बेटे को झूठे केस में फंसाने की धमकी दी जा रही थी। उनसे रंगदारी मांगने की भी कोशिश की गई। छात्रा ने धमकी दी कि ऐसा नहीं किया तो वह महाराष्ट्र में जाकर आत्महत्या कर लेगी। इन बातों से उनके परिवार की काफी बदनामी हुई और मानसिक आघात पहुंचा।
छात्रा बोली- आईपीएस ही दोषी, सुप्रीम कोर्ट तक जाऊंगी
- महिला थाने में बैठी छात्रा का कहना था कि वह पूरी तरह यकीन से कह रही है कि उससे बात करने वाला कोई हाईस्कूल पास शख्स हो ही नहीं सकता। उसने जावेद से कुछ सवाल किए जिनका वो जवाब नहीं दे सका। जावेद को केवल मोहरा बनाया गया है, नूरूल हसन की इसमें कोई न कोई भूमिका जरूर है पर पुलिस अपने विभाग के अफसर को बचा रही है। छात्रा ने बताया कि महाराष्ट्र के एक रिपोर्टर के जरिये आईपीएस ने उससे संपर्क साधा और उससे ऐसे कई लिंक ले लिए। वह उनके पिता को कॉल बस इसीलिए कर रही थी कि अपने आईपीएस बेटे को सामने करके एक बार उसकी बात करा दें। वह दोषी हैं, इसीलिए सामने नहीं आए। उसके रुपये मांगने का कोई सबूत अगर आईपीएस का परिवार पेश कर दे तो वह खुद गलती मानकर खामोश हो जाएगी। इस तरह दबाया जा रहा है तो वह सुप्रीम कोर्ट तक न्याय की लड़ाई लड़ेगी।
जावेद बोला- कई नर्स और महिला वकील भी संपर्क मे
- छात्रा की ओर से दी जा रही क्लीनचिट से इतर आरोपी जावेद ने अपनी सफाई में कोई बात नहीं की। उसने साफ कहा कि वह बना ही प्यार मोहब्बत के लिए है। पहले भी कई फर्जी आईडी से लड़कियों को फंसा चुका है। आईपीएस नूरूल हसन की पहचान ओढ़ने से तो उसे बहुत फायदा हुआ। राजस्थान की नर्स और महिला वकील समेत कई अच्छे प्रोफाइल वाली महिलाओं ने उससे दोस्ती कर ली जो अश्लील चैटिंग में बदलती चली गई। लड़कियां उसके बिना मांगे ही अपने अश्लील फोटो व वीडियो उसे भेज रही थीं। बहुत मजा आ रहा था पर अब सजा भुगतनी पड़ेगी ये पता नहीं था। बताया कि उसका एक मोबाइल घर पर है, उसमें तो और भी ज्यादा अश्लील चीजें हैं।
- जावेद ही असली आरोपी है। उसके मोबाइल, फेसबुक आईडी व अन्य चीजों से पुलिस ने ढेर सारे साक्ष्य जुटा लिए हैं। छात्रा और उसकी मां डबल गेम खेल रही थीं। वे पुलिस पर जल्द कार्रवाई का दबाव बना रही थीं और आईपीएस के परिवार पर शादी व अन्य मांगे पूरी करने का दबाव बना रही थीं। आईपीएस के पिता ने इनके खिलाफ काफी सबूत जुटा लिए हैं जो विवेचना में काम आएंगे। - कुलदीप कुमार, सीओ थर्ड