बरेली। बिथरी चैनपुर के चंदपुर बिचपुरी गांव में मोहर्रम पर ताजियों का जुलूस कई गांवों में होकर निकालने पर पुलिस ने पाबंदी लगा दी है। एसएसपी और एसपी सिटी से मिलने आए ग्रामीणों का कहना था कि वे हर बार की तरह आसपास के गांवों से होकर जुलूस निकालना चाहते हैं जिस पर किसी दूसरे समुदाय को आपत्ति नहीं है पर पुलिस एतराज कर रही है। उन्हें अनुमति दी जाए। अधिकारियों ने बिथरी इंस्पेक्टर से रिपोर्ट तलब की है।
मोहर्रम जुलूस को लेकर बिथरी के गांव चंदपुर बिचपुरी निवासी मुस्लिम समुदाय के कई लोग शुक्रवार को एसएसपी ऑफिस आए। यहां उन्होंने एसएसपी के नाम ज्ञापन एसपी क्राइम रमेश कुमार भारतीय को देकर ताजियों का जुलूस निकालने की मांग की। उन्होंने कहा कि गांव के लोग वर्षों से मोहर्रम पर जुलूस निकालते आए हैं। जुलूस से उनके गांव में शांतिभंग की कोई आशंका नहीं है। मोहर्रम का जुलूस हर साल की तरह नौ और 10 सितंबर को उनके गांव से डोहरिया, पंथरिया, सिमरा, खजुरिया, सैदपुर व उमरिया करबला तक जाएगा। इसमें हिंदू व मुस्लिम पक्ष के लोग पूरी अकीदत से शामिल होते है। किसी को कोई आपत्ति नहीं है। इसके बावजूद इंस्पेक्टर बिथरी ललित मोहन ने उनसे कह दिया है कि वे लोग केवल अपने गांव में ही जुलूस निकालें। जुलूस करबला नहीं जाएगा। ज्ञापन सौंपने वालों में जुल्फिकार, जमील अहमद, मोहम्मद रफी, ताहिर, उवैस, तसलीम, जाहिद, हसनैन, अब्दुल वहीद और अतीक आदि शामिल रहे।