बरेली। गंगा महारानी शोभायात्रा के दौरान बिहारीपुर मदरसे में पत्थर फेंकने वाले खुराफातियों का दूसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने दूरदराज तक कैमरे चेक कर लिए लेकिन बताए गए समय के दौरान कोई संदिग्ध वहां से आता जाता तक नहीं दिखा। पुलिस अब मुखबिरों के सहारे आरोपियों की जानकारी जुटाने में लगी है।
बिहारीपुर में बीबी जी मस्जिद से सटा दारुल उलूम मजहरे इस्लाम मदरसा है। सोमवार रात मदरसे के पीछे वाली गली से श्री गंगा महारानी शोभायात्रा का जुलूस निकल रहा था। मदरसा के प्रधानाचार्य सगीर अहमद ने बताया कि बच्चे पढ़ाई कर रहे थे। इसी बीच गली में आए लड़कों ने बाहर से चार-पांच पत्थर मदरसे में फेंक दिए। आरोप है कि धार्मिक नारे लगाए और फरार हो गए। ऐसे लोगों को चिह्नित कर कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी गई, जिस पर मंगलवार सुबह अज्ञात में रिपोर्ट कराई गई।
वहीं, मंगलवार को पत्थर फेंकने को लेकर शहर के प्रतिष्ठित कॉलेज के लड़कों का नाम चर्चाओं में रहा लेकिन पुलिस अफसरों ने इसको खारिज कर नई बात बताई। एसपी सिटी अभिनंदन सिंह ने बताया कि पत्थर फेंकने वालों की तलाश में पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले हैं। काफी तलाश के बाद भी घटना के वक्त ऐसे संदिग्ध लोग किसी फुटेज में नहीं आ सके हैं। पुलिस के अलावा खुफिया अमला भी इनकी तस्दीक में लगा है।