नवाबगंज (बरेली)। क्षेत्र के एक गांव में प्रेम संबंधों में दो लोगों की जान चली गई। बुलाने पर प्रेमी देवर के न आने से आहत रिश्ते की भाभी ने खुद को आग लगा ली। आग बुझाने के लिए खपरैल तोड़कर अंदर घुसा देवर भी झुलस गया। ग्रामीणों ने दरवाजा तोड़कर दोनों को निकाला। महिला की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई जबकि देवर ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया।
मृतक महिला छह बच्चों की मां थी और इसी महीने उसने देवर पर दुष्कर्म की रिपोर्ट कराई थी। शुक्रवार को कोर्ट में दिए बयान में आरोप से पलट गई थी। 41 वर्षीय महिला बच्चों के साथ रहती थी। परिवार के मुताबिक पड़ोस में रहने वाले चचेरे देवर से उसका तीन साल से प्रेम प्रंसग चल रहा था। शुक्रवार रात महिला ने फोन कर उसे बुलाया। उसने मना किया तो महिला ने पशुशाला का कमरा बंद कर डीजल भरी केन अपने ऊपर उडे़लकर आग लगा ली।
धुआं निकलता देख पड़ोसियों ने शोर मचाया तो देवर भी अपने घर से निकल आया। घबराया देवर खपरैल की छत पर चढ़ा और कुछ हिस्सा हटाकर नीचे कूद गया। बचाने को करीब गया तो महिला ने उसे पकड़ लिया। इससे दोनों ही गंभीर रूप से झुलस गए। ग्रामीणों ने दरवाजा तोड़कर दोनों को बाहर निकाला। पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल भिजवाया। महिला ने रास्ते में दम तोड़ दिया तो देवर की जिला अस्पताल में मौत हो गई। देवर की मौत से पहले महिला के जेठ ने उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है।
प्रेमप्रसंग की बात बताई जा रही है। पहले महिला ने आत्मदाह किया और बाद में युवक की मौत हो गई। एक ही परिवार से जुड़े लोगों का मामला है। पुलिस कार्रवाई कर रही है।
- शैलेश कुमार पांडेय, एसएसपी