बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल के फर्रुखाबाद स्टेशन पर करीब आधा दर्जन ट्रेनों में चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान एक लाख रुपये से अधिक की राजस्व वसूली मात्र छह-सात घंटे में की गई। यहां बता दें कि उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल के पीतांबरपुर और जंक्शन पर एक दर्जन ट्रेनों की चेकिंग में यह आंकड़ा 75 हजार भी पार नहीं कर पाता है।
बृहस्पतिवार को इज्जतनगर मंडल की सीनियर डीसीएम नीतू के निर्देश पर फर्रुखाबाद स्टेशन पर बिना टिकट यात्रियों के खिलाफ अभियान चलाया गया। चेकिंग टीम के सीआईटी संजय श्रीवास्तव की टीम ने मात्र सात ट्रेनों में 225 यात्रियों को साधारण टिकट पर स्लीपर क्लास में यात्रा और कई यात्रियों को बिना टिकट पकड़ा। इन यात्रियों से करीब एक लाख पांच हजार रुपये राजस्व वसूला गया। टीम ने छह-सात घंटे के दौरान करीब आधा दर्जन ट्रेनों में चेकिंग की।
यहां बता दें कि मुरादाबाद डिवीजन के बरेली जंक्शन और पीतांबरपुर स्टेशन पर चलने वाले धरपकड़ अभियान में एक दर्जन से अधिक ट्रेनों की चेकिंग में 75 से 80 हजार रुपये ही राजस्व में मिलते हैं, जबकि इस रूट पर ज्यादातर एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनें हैं, जिनका किराया भी पूर्वोत्तर रेलवे की ट्रेनों की अपेक्षाकृत ज्यादा है।
इज्जतनगर मंडल की सीनियर डीसीएम नीतू ने बताया कि अधिक आमदनी वाले स्टेशनों पर समय-समय पर चेकिंग अभियान चलाया जाता है। उन्होंने बताया कि ज्यादातर यात्रियों का कहना था कि लाइन में भीड़ होने की वजह से टिकट नहीं खरीद सके। फर्रुखाबाद स्टेशन पर चेकिंग स्टाफ ने मोबाइल से टिकट जनरेट करना भी बताया।