बरेली। श्यामगंज चौराहे पर देर रात एक ऑटो चालक से कहासुनी होने के बाद दबंगों ने उसे पीट दिया। दबंग उसके रुपये और मोबाइल फोन भी लूट ले गए। पीड़ित के मुताबिक उसके भाई से हुए झगड़े का बदला लेने के लिए दबंगों ने उस पर हमला किया है। शिकायत पर थाना बारादरी में रिपोर्ट दर्ज की गई है। बारादरी क्षेत्र के संजय नगर निवासी नन्हें पटेल ऑटो चालक हैं। बताया कि वह रविवार देर रात श्यामगंज चौराहे पर सवारी का इंतजार कर रहे थे। इसकी बीच वहां चार-पांच लोग आए और उनसे गालीगलौज करने लगे। उनके मुताबिक विरोध पर आरोपी उनसे हाथापाई करने लगे। आरोप है कि आरोपियों ने उनके भाई सनी पटेल का नाम लेते हुए उन्हें बुरी तरह पीटा। उनके जेब में रखे तीन हजार रुपये और उनका मोबाइल फोन भी लूट लिया। मौके पर इकट्ठा हुए बाकी ऑटो चालकों के डर से आरोपी उन्हें धमकाते हुए भाग निकले। नन्हें ने बताया कि उनके भाई से कुछ दिन पहले आरोपियों का झगड़ा हुआ था। आरोपियों ने उसी झगड़े को लेकर हमला किया है।