सीबीगंज। त्योहार पर चंदा इकट्ठा कर रहे कुछ लोगों को एक महिला दुकानदार ने रुपये देने से इन्कार किया तो वह लोग उनका गल्ला ही लूट कर ले गए। विरोध करने पर महिला से हाथापाई भी की। पुलिस से शिकायत करने पर मामले को रफा-दफा करने का दबाव बनाया गया। एसएसपी के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की। क्षेत्र के गांव पस्तौर में रक्षाबंधन पर मेला लगाया जाता है। इसके लिए गांव के ही कुछ लोग मेले में दुकानें लगाने वालों से चंदे के नाम पर उगाई करते हैं। सबसे जबरन रुपये लेकर जाते हैं। इसी दौरान मेले में दुकान लगाने वाली महिला शकुंतला से भी गांव के ही टिंकू व मुकेश चंदा वसूली करने पहुंचे। महिला ने रुपये देने से इन्कार किया तो आरोपी उनसे गालीगलौज करने लगे। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी दुकान में घुसकर उनका गल्ला ही लूट कर ले गए।