दवा लेने जा रहे युवक को रास्ते में रोककर पीटा, रिपोर्ट
बरेली। मां की दवा लेने जा रहे एक युवक को डीडीपुरम में रास्ते में रोककर कुछ बदमाशों ने पीट दिया। पीड़ित के मुताबिक एक आरोपी की बहन का सहपाठी होने के कारण वह उस पर शक करता था। पीड़ित की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ प्रेमनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
प्रेमनगर क्षेत्र के एकता नगर निवासी पार्थ तिवारी स्नातक के छात्र हैं। पार्थ बृहस्पतिवार रात मां की तबीयत बिगड़ने पर डीडीपुरम के एक मेडिकल शॉप पर दवा लेने गए थे। उनके मुताबिक गुलमोहर कॉलोनी निवासी पीयूष अनेजा, करन अनेजा और मॉडल टाउन निवासी शिवम कपूर ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। तीनों उनसे गाली गलौज करने लगे। आरोप है कि विरोध करने पर तीनों ने उन पर लाठी डंडों से हमला कर दिया। बताया कि एक आरोपी की बहन उनके साथ कॉलेज में पढ़ती थी। इसे लेकर वह संबंध होने का शक करता है। इसके चलते आरोपी पहले भी कई बार उन्हें धमका चुके हैं।