बरेली। कुदेशिया फाटक के पास शुक्रवार को एक डिग्री कालेज की शिक्षिका से दो स्कूटी सवार बदमाशों ने बैग लूटने की कोशिश की। लूट में नाकाम होने के बाद भागते वक्त स्कूटी स्लिप होकर गिरी तो भीड़ ने बदमाशों को पकड़ लिया और पीटकर पुलिस को सौंप दिया। पीड़ित शिक्षिका के पति राज्यसभा में सुरक्षा अधिकारी के पद पर तैनात हैं। आरोपियों के खिलाफ प्रेमनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
प्रेमनगर क्षेत्र के शास्त्री नगर निवासी गीता पाराशर कन्या महाविद्यालय भूड़ में एसोसिएट प्रोफेसर के पद पर तैनात हैं। उनके मुताबिक शुक्रवार सुबह कॉलेज जाते वक्त शास्त्री नगर गेट के पास पीछे से आए स्कूटी सवार दो बदमाशों ने बैग छीनने की कोशिश की। बैग मजबूती से पकड़े होेने के कारण बदमाश बैग नहीं छीन पाए और भागने लगे। शोर सुनकर भीड़ उनके पीछे भागी तो जल्दबाजी में उनकी स्कूटी स्लिप होकर गिर पड़ी और भीड़ ने उन्हें पकड़ लिया। लोगों ने बदमाशों को पीटकर पुलिस के हवाले किया गया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम राजेंद्र नगर निवासी मोहित यादव और बारादरी क्षेत्र के शहदाना निवासी अभिषेक बताया। शिक्षिका के पक्ष में भाजपा नेता विकास सक्सेना भी साथियों के साथ चौकी अशरफ खां छावनी पहुंचे।
पुलिस बोली- तहरीर में घटना का समय बदल दो
कालेज से लौटकर तहरीर देने चौकी अशरफ खां छावनी पहुंची गीता से पुलिस ने तहरीर में घटना का समय सुबह से बदलकर शाम करने की बात कही। जिस पर शिक्षिका ने विरोध जताते हुए इंकार कर दिया। घटना के मुताबिक चौकी में तहरीर सौंपकर वह लौट आईं।
रिटायर्ड सीओ के गैंगस्टर पोते ने की वारदात
शिक्षिका से लूट की कोशिश करने वाला गैंगस्टर आरोपी मोहित एक रिटायर्ड सीओ का पोता है। डीडीपुरम में एक युवक से बैग लूटने की घटना भी कर चुका है। कुछ दिन पहले ही यह जेल से छूटा है। एक्सीडेंट होने के चलते इसके पैर में रॉड भी पड़ी है।