बरेली। घर के बाहर व्यापारी की कार के खुले दरवाजे से टकराकर एक साइकिल सवार और उसकी पोती गिरे तो उसने बेटों को बुलाकर गाड़ियों पर पथराव करना शुरू कर दिया। विरोध करने पर व्यापारी के घर में भी घुसने की कोशिश की। आरोपियों की पहचान होने और शिकायत करने के बावजूद प्रेमनगर पुलिस ने चार दिन बाद अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
प्रेमनगर क्षेत्र के राजेंद्र नगर निवासी अजय अरोड़ा प्रयाग एजेंसी के नाम से जनरेटर की एक फर्म चलाते हैं। बताया कि दो अगस्त की दोपहर को उन्होंने इज्जतनगर के बब्बन को गाड़ियां धुलवाने के लिए घर बुलाया था। गाड़ी धुलते वक्त वहां से पोती के साथ साइकिल पर गुजर रहा एक व्यक्ति दरवाजे से टकराकर गिर पड़ा। इस पर व्यक्ति बब्बन से गाली गलौज और हाथापाई करने लगा। उन्होंने इसका विरोध किया तो उसने अपने तीन बेटों को बुला लिया। कुछ ही देर में तीन लड़के वहां पहुंच गए। आरोप है उन लोगों ने वहां पड़े ईंट पत्थर गाड़ी पर मारने शुरू कर दिया। घर के अंदर खड़ी उनकी दूसरी गाड़ी पर भी पथराव कर दिया। यूपी 100 को फोन किया तो एक आरोपी उनके घर में घुस गया और उनको पत्थर मारा। बताया कि आरोपियों के स्कूटर से उनके नाम और पते की पहचान हो गई, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।