बरेली। जुआ और नशे की लत में घर बर्बाद होने के बाद एक व्यक्ति ने मांगे पूरी न होने पर पत्नी को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। काम और घर दोनों छोड़कर पत्नी मायके लौट गई तो व्यक्ति आत्महत्या कर उसे फंसाने की धमकी देने लगा। पीड़िता ने थाना इज्जतनगर में पति के खिलाफ तहरीर सौंपी है।
इज्जतनगर क्षेत्र निवासी एक विवाहिता घरों में काम करके अपना घर चलाती हैं। उन्होंने बताया कि पति शराब व जुआ का आदि है। उनके मुताबिक नशे की लत के कारण उसे नौकरी से निकाला गया तो वह घर का सामान बेचकर शौक पूरे करने लगा और उससे रुपये छीनने लगा। पति को रुपये देने से इंकार किया तो वह उनसे मारपीट करने लगा। इससे तंग आकर वह अपने मायके लौट गईं तो वहां जाकर भी उनसे अभद्रता करता। आरोप है कि बुधवार को पति जबरन उनके घर में घुसा और उनसे मारपीट करने लगा। साथ ही घर न लौटने पर आत्महत्या कर उन्हें फंसाने की बात की। साथ ही उन पर भी तेजाब से हमला करने की धमकी दी।