बरेली। एक महिला ने पति पर धोखा देकर दूसरी शादी करने और दूसरी पत्नी से मिलकर हत्या की कोशिश का आरोप लगाया है। महिला ने एसएसपी से मांग की कि पति व अन्य आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाए। एसएसपी ने सुभाष नगर इंस्पेक्टर को जांच के निर्देश दिए हैं।
सुभाष नगर क्षेत्र निवासी महिला ने बताया कि उसके पहले पति की मृत्यु हो चुकी है। आठ साल पहले एक युवक ने खुद को अविवाहित बताकर उससे परिचय बढ़ाया और फिर शादी कर ली। वह उसे मढ़ीनाथ में किराए के मकान में रखने लगा। अक्सर पति कुछ दिन को गायब हो जाता था और उसे कॉल भी नहीं करता था। वजह पूछने पर उसे पीटता था। बताया कि 28 जुलाई को पति ने उसे कॉल करके ससुराल फरीदपुर के गौंटिया में रेलवे लाइन किनारे बुलाया। वहां पति के साथ एक महिला पहले से थी। उसने पूछा तो पति ने बताया कि यह उसकी दूसरी पत्नी है, दोनों ने शादी कर ली है। जब उसने विरोध किया तो महिला, पति व देवर आदि ने उसे पीटकर जेवर उतरवा लिए और उसे फरीदपुर में रेलवे ट्रैक पर डालने ले जाने लगे। पड़ोसियों ने सौ नंबर पर कॉल करके पुलिस बुलाई तो हमलावर फरार हो गए। आरोप लगाया कि पति ने उसका जीवन बर्बाद कर दिया है।