बरेली। दबंगों ने एक व्यक्ति से जमीन बेचने के नाम पर 28 लाख रुपये ठग लिए। रजिस्ट्री कराने के लिए कहने पर अब दबंग धमका रहे हैं। एसएसपी के आदेश पर बारादरी पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। बारादरी के कटरा चांद खां के मोहसिन अली ने बताया कि पुराना शहर के अथर और अकबर ने 488 गज का प्लाट बेचने के नाम पर उनसे 28 लाख एडवांस रुपये ले लिए। पूरी जमीन का सौदा करीब 80 लाख रुपये में तय हुआ था। प्लाट की चहारदीवारी और मिट्टी डलवाने के नाम पर उसके तीन लाख रुपये भी खर्च हुए थे। उसने रजिस्ट्री कराने को कहा तो वह जान से मारने की धमकी देते हैं। 26 नवंबर 2018 को सीओ थर्ड से शिकायत की तो आरोपियों ने छह लाख रुपये वापस कर दिए, बाकी रुपये बाद में देने को कहा। अब आठ महीने बीतने के बाद भी उन्होंने कोई रुपये वापस नहीं किए हैं। दो दिन पहले मोहसिन एसएसपी से मिले। एसएसपी के आदेश पर दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है।