बरेली। डबल मर्डर के खुलासे में लगी टीमों ने देर रात सत्संगी फैमिली के एक करीबी शख्स को उठा लिया। इससे खुलासा होने की उम्मीद है। उससे देर रात पूछताछ की जा रही थी।
सेंट्रल बैंक के रीजनल ऑफिस की सहायक प्रबंधक रूपा सत्संगी और उनके पति नीरज सत्संगी की हत्या के मामले में पुलिस टीमों ने दिन भर सीसीटीवी फुटेज दिखाकर चेहरे की पहचान करने की कोशिश की। साथ ही क्राइम ब्रांच की टीमें संदिग्धों की धरपकड़ में जुटी रहीं। सूत्र बताते हैं कि पुलिस ने रूपा सत्संगी के पूर्व कार्यस्थल कोहाड़ापीर ब्रांच से जुड़े एक व्यक्ति को शाम के वक्त संदेह के आधार पर पकड़ा। उससे पूछताछ में टीम को कुछ खास नहीं मिला। हालांकि उसी की निशानदेही पर एक दूसरे शख्स को पकड़कर पूछताछ की जा रही है। चर्चा है कि करीब पंद्रह साल से परिचित एक करीबी को रूपा ने काफी रुपये दे रखे थे। भरोसा था कि रकम वापस मिल जाएगी। रिटायरमेंट नजदीक आने पर वे रकम वापस चाहती थीं, इससे वो शख्स नाराज था। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने हत्यारा और वजह दोनों तलाश लिए हैं। हालांकि अधिकारी इससे इंकार कर रहे हैं। रात एक बजे इंस्पेक्टर बलवीर सिंह से बात की गई तो उन्होंने किसी आरोपी की गिरफ्तारी या खुलासे की लाइन मिलने से साफ इंकार किया। कहा कि पुलिस टीमें लगी हैं, अभी खुलासे लायक साक्ष्य नहीं मिले हैं।