बरेली। छेड़छाड़ का विरोध करने पर एक युवती को उसी की बिल्डिंग में रहने वाले शोहदे ने भाइयों के साथ पीट दिया। शिकायत मिलने पर पहुंची यूपी 100 आरोपियों को पकड़कर थाने तो लाई लेकिन पीड़ित पर समझौते का दबाव बनाते हुई उसे भगा दिया। कार्रवाई न होने पर पीड़ित ने एसएसपी से शिकायत की। उनके आदेश पर बारादरी थाने में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बारादरी क्षेत्र निवासी युवती अपने भाई-बहन के साथ ननिहाल में रहती है। उसके मुताबिक उसी की बिल्डिंग में किराए पर रहने वाला शारिक अक्सर छींटाकशी करते हुए उसे परेशान करता है। विरोध करने पर बिल्डिंग से निकलवाने की धमकी देता है। युवती 21 जुलाई को बाजार से घर लौटी थी। आरोप है कि जीने में छिपे बैठे शारिक ने उसे जबरन पकड़ लिया और उससे छेड़छाड़ की। उसे लात मारकर भागने की कोशिश की शारिक ने अपने भाई मोबीन, मोहसिन, सैफ और पिता मुल्ला को बुला लिया और उसे बुरी तरह पीटा। शोर सुनकर परिजन पहुंचे तो उन्होंने यूपी 100 को फोन किया। पुलिस आरोपियों को पकड़कर थाने ले गई। पीड़ित के मुताबिक पुलिस थाने में उस पर समझौते का दबाव बनाते हुए देर रात तक थाने में बैठाए रखा। लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की।