बरेली। शहामतगंज-सैटेलाइट रोड पर बुधवार रात पहुंचे चार लोगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। अचानक हुई फायरिंग से होटल पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। सूचना देने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची इससे पहले आरोपी फरार हो गए। कारोबार को लेकर होटल मालिक का विवाद चल रहा है।
बारादरी थाना क्षेत्र में शहामतगंज-सैटेलाइट रोड पर मीट, बिरयानी का होटल है। बुधवार रात करीब 11:30 बजे चार लोग बाइक पर होटल के सामने पहुंचे। उन्होंने पहुंचते ही तमंचे से ताबड़तोड़ तीन फायर हवा में किए। अचानक गोली चलने से वहां मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे। मौजूद लोग कुछ करते इससे पहले फायरिंग करने वाले बाइक फर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस होटल मालिक को अपने साथ थाने ले गई। इसका पता लगने पर होटल मालिक के रिश्तेदार और नजदीकी जमा हो गए। वहां से सभी लोग बारादरी थाने गए, जो
वहां देर रात तक जमे रहे।
मीट कारोबार को लेकर होटल मालिक का विवाद चल रहा है। शहामतगंज चौकी इंचार्ज के मुताबिक मीट कारोबार को लेकर हुए विवाद में होटल मालिक के भाई के खिलाफ बुधवार को बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई थी। विरोधी पक्ष के लोगों को फंसाने के लिए फायरिंग का आरोप लगाया जा रहा है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।