बरेली। दरोगा के बेटे से ठगी करके फर्जी शस्त्र नवीनीकरण कराने के आरोपी अग्निहोत्री उर्फ लाला के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
इज्जतनगर में अवध विहार के रहने वाले एसआई घनश्याम शर्मा मुरादाबाद में मझोला थाना में तैनात हैं। उनका बेटा अनुज मंगलवार को शस्त्र लाइसेंस का रिन्यूवल कराने कलक्ट्रेट पहुंचा। वहां सिटी मजिस्ट्रेट मदन कुमार ने शस्त्र लाइसेंस पर फर्जी इंट्री देख नवीनीकरण करने से मना कर दिया और रिपोर्ट दर्ज कराने को निर्देश दिए। बुधवार को अनुज ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके पिता के साथ कार्यरत पंकज पांडेय का शस्त्र लाइसेंस बरेली में बना हुआ है। वह लाइसेंस के नवीनीकरण की 1500 रुपये फीस लेकर कलक्ट्रेट पहुंचे थे। वहां एसबीआई के सामने अग्निहोत्री उर्फ लाला नाम का शख्स उसे मिला। उसने नवीनीकरण करा देने की बात कहते हुए फीस ले ली। कुछ दिन बाद लाला ने उसे कर्मचारीनगर रोड पर बुलाकर लाइसेंस दे दिया लेकिन उस पर मुहर नहीं लगी थी। वह लाइसेंस मुहर लगवाने सिटी मजिस्ट्रेट के पास पहुंचे तो पता लगा कि उसमें फर्जीवाड़ा किया गया है। पुलिस ने अनुज की तहरीर पर अग्निहोत्री उर्फ लाला नाम के व्यक्ति पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।