बरेली। शहर के पॉश इलाकों में हुक्का बार चलाए जाने की सूचना विहिप और बजरंग दल की ओर से एसएसपी को दिए जाने के बाद प्रेमनगर पुलिस ने रात में कई होटलों और रेस्टोरेंट पर ताबड़तोड़ छापे मारे। इस दौरान हुक्का बार तो कहीं चलता नहीं मिला, हालांकि पुलिस ने होटलों को यह चेतावनी जरूर दे दी कि अगर हुक्का बार चलाने की पुष्टि हुई तो उन्हें जेल भेजा जाएगा।
शहर के कई इलाकों में अवैध रूप से हुक्का बार चलाए जाने की पुरानी शिकायतें हैं। बताया जाता है कि डीडीपुरम इलाका इसके लिए खासतौर पर बदनाम हो चुका है। ये हुक्का बार नाबालिग छात्र-छात्राएं को भी नशे की लत का शिकार बना रहे हैं। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को एसएसपी से मिलकर हुक्का बार बंद कराने की मांग की। उन्हें ज्ञापन देकर बताया कि स्कूल-कॉलेजों के दस से 16 साल तक के स्टूडेंट हुक्का बार आकर नशा कर रहे हैं। उन्हें यहां चरस-गांजा जैसे मादक पदार्थ का आदी बना दिया जाता है। इन बार में बेहद कम रोशनी होती है जिसकी आड़ में अश्लीलता और दूसरे अवैध कृत्य भी किए जाते हैं। एसएसपी ने इंस्पेक्टर प्रेमनगर को इस शिकायत पर तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया।
इसके बाद इंस्पेक्टर प्रेमनगर बलवीर सिंह ने देर रात अपने इलाके के नौ होटलों में छापा मारा। इंस्पेक्टर को बताया गया कि यहां पहले हुक्का बार चलाए जाते थे जो अब बंद हो चुके हैं। इंस्पेक्टर ने इन्हें जांच में दोबारा हुक्का बार चलते मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।