बरेली। सुभाषनगर गुरुद्वारा के पीछे का इलाका स्मैकियों का अड्डा बनता जा रहा है। यहां दिन दहाड़े बाइक चोरी की वारदातें हो रही हैं, जिसकी जानकारी होने के बावजूद पुलिस की खामोशी उनकी कार्यशैली पर सवालिया निशान लगा रही है। सोमवार को सुभाषनगर थाना से वापस आए गुरुद्वारा कमेटी के पदाधिकारियों ने पुलिस पर बच्चों से अश्लील हरकत और बाइक चोरी कर रहे आरोपियों के संरक्षण का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोपी के साथी की गिरफ्तारी समेत इलाके को अराजक तत्वों से मुक्त करने के बाद ही शांत बैठने का निर्णय लिया है।
गुरुद्वारा कमेटी के अध्यक्ष सुरेंद्रजीत सिंह ने बताया कि रविवार को बच्चे के साथ अश्लील हरकत के प्रयास का पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी दो गुरुद्वारा से घर जा रहीं दो बच्चियों के साथ ऐसी हरकत हो चुकी है। हालांकि, कोई बड़ी घटना न होने से लोक लाजवश बच्चियों के परिजन ने पुलिस के फेर में नहीं पड़े। लेकिन रविवार को जब एक बच्चे से ऐसी हरकत हुई और बच्चे की निशानदेही पर अश्लील हरकत करने वाले की शिनाख्त हुई तो आगे ऐसी घटनाएं न हों, इसलिए मुकदमा दर्ज कराया गया है। बताया कि गुरुद्वारा के पीछे की ओर दूसरे गेट से चंद कदम दूर गुरुनानक खालसा इंटर कॉलेज के गेट के ठीक सामने स्थित ‘सुरंगनुमा’ गली में कुछ अराजक तत्व रहते हैं। जो स्मैक का धंधा भी करते हैं। संभावना जताई कि कॉलेज के कुछ बच्चे यहां मुंह कपड़े से ढंककर स्मैक ले जाते हैं। जिसकी जानकारी उन्हें थी लेकिन बात घर तक नहीं पहुंची थी इसलिए वे खामोश रहे पर बच्चों से गंदी हरकत की शिकायत पर भी जब पुलिस हड़का रही है तो अब वे इसे बर्दाश्त नहीं कर सकते हैं।
चोरी हो चुकी हैं 11 बाइक
स्थानीय निवासियों के मुताबिक इस इलाके में अब तक 11 बाइक चोरी हो चुकी हैं। जिसकी रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाना के कई बार चक्कर लगाने पड़ते हैं। संभावना जताई कि ‘सुरंगनुमा’ गली के बाहर हर दिन दर्जन भर अराजक तत्वों का जमावड़ा रहता है। वे बच्चों से अश्लील हरकत करने वाले आरोपियों के साथी हैं। आरोप है कि यही युवक मौका पाकर बाइक चोरी व स्मैक बिक्री कर रहे हैं। नाम प्रकाशित न करने की शर्त पर एक निवासी ने बताया कि उनकी बाइक करीब 1 जून को चोरी हुई थी, लेकिन पुलिस ने 20 दिन बार रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस को बाइक चोर का सीसीटीवी फुटेज भी सौंपा लेकिन अब तक वह पकड़ से बाहर है।
बच्चों के पेरेंट्स भी दहशत में
रविवार को हुई घटना के बाद स्थानीय निवासी दहशत में हैं। सोमवार को क्षेत्र के कई बच्चे स्कूल नहीं गए। पेरेंट्स के मुताबिक एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसके अन्य साथी क्षेत्रवासियों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसलिए वे अन्य पर कार्रवाई होने तक बच्चों को स्कूल भेजने के पक्ष में नहीं हैं। अश्लील हरकत के प्रयास के पीड़ित बच्चे के पेरेट्स ने भी सोमवार को बच्चे को स्कूल नहीं भेजा। बताया कि बच्चा काफी डरा हुआ है। घर से बाहर निकलने से घबरा रहा है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और प्रशासन से क्षेत्र को अराजक तत्वों से मुक्त किए जाने की मांग की है।