बिथरी चैनपुर। जंगल में पशु तस्करी की सूचना मिलने पर थाना पुलिस ने दबिश देकर दो तस्करों समेत, गोवंशीय पशु और मांस बरामद किया है। तस्करों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने उन्हें जेल भेज दिया। साथ ही दोनों पशुओं को गौशाला के हवाले कर दिया गया है। हालांकि पुलिस पर साठगांठ कर तीन तस्करों को छोड़ने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं।
थाना पुलिस को रविवार सुबह क्षेत्र में पदारथपुर के जंगल में पशु तस्करों के होने की सूचना मिली। सूचना पर ट्रांसपोर्ट नगर चौकी इंचार्ज ओम सिंह ने टीम के साथ जंगल में दबिश दी। वहां से पुलिस कुछ पशु तस्करों को गिरफ्तार कर चौकी ले आई। पुलिस के मुताबिक छानबीन में मौके से दो गोवंशीय पशु समेत करीब 80 किलो पशु मांस बरामद किया। पुलिस ने दो तस्कर, पदारथपुर निवासी नईम और गांव भिंडौलिया निवासी भूरा उर्फ इरफान का मौके से गिरफ्तार होना दर्शाया। हालांकि कुछ गांव वालों का आरोप है कि पुलिस दबिश में पांच पशु तस्करों को गिरफ्तार करके लाई थी। लेकिन साठगांठ कर तीन तस्करों को चौकी से ही छोड़ दिया।
दूसरे दिन भी बोरियों में धधकती रही आग
बिथरी चैनपुर। क्षेत्र के नरियावल स्थित एक बारदाना गोदाम में शनिवार रात लगी आग 24 घंटों बाद भी पूरी तरह नहीं बुझ पाई। गोदाम में भरी बोरियों में तो कभी कच्चे सामान में चिंगारी धधकती रहीं और लगातार लपटें उठती रहीं। रविवार दोपहर भी दमकल यहां आग बुझाती रहीं। गोदाम के मालिक रमेश के मुताबिक हादसे में उनका लाखों रुपये का नुकसान हो गया। हालांकि आग लगने का कारण अभी पता नहीं चल सका है। ब्यूरो