फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुलिस हूटर बजाती रही, बदमाश लूटपाट करते रहे

विज्ञापन
विज्ञापन
सीबीगंज (बरेली)। बेखौफ हुए बदमाशों ने बृहस्पतिवार रात सीबीगंज में सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। गश्त कर पुलिस सड़क पर हूटर बजाती रही और जरी कारीगर के घर में घुसे बदमाश लूटपाट करते रहे। विरोध करने पर डकैतों ने जरी कारीगर और उनकी पत्नी के साथ मारपीट की। इस वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए।
विज्ञापन

सीबीगंज के अटा कायस्थान गांव निवासी जरी कारीगर अमजद खां का दो मंजिला मकान है। बृहस्पतिवार रात वह पत्नी परवीन और बच्चों समेत अपने घर के नीचे हिस्से में सोए थे। अमजद के मुताबिक आधी रात के करीब उन्हें ऊपरी मंजिल पर खटपट की आवाज सुनाई दी। वह जीने से ऊपर गए तो उन्हें दो बदमाशों ने दबोच लिया और तमंचा तानकर जान से मारने की धमकी दी। फिर उनके हाथ पैर बांधकर डाल दिया। चीखने पर उनके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। उनकी चीख सुनकर पत्नी परवीन ऊपर पहुंचीं। वह पति को बदमाशों के कब्जे में देख बेहोश होकर गिर गईं। कुछ देर बाद होश आने पर परवीन को भी बदमाशों ने बंधक बना लिया। विरोध करने पर अमजद और परवीन को बदमाशों ने पीटा और जबरन मेन गेट का ताला खुलवाया। दरवाजा खुलते ही उनके चार अन्य साथी घर के अंदर पहुंचे। फिर बदमाशों ने घर में रखे 2.80 लाख रुपये और करीब पांच लाख कीमत का सोना लूट लिया। बदमाशों ने लूटपाट के बाद किचन में जाकर खाना तलाश किया। खाना नहीं मिला तो दंपति को शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देकर निकल गए।
अमजद के मुताबिक घटना के दौरान सीबीगंज थाने की पुलिस जीप हूटर बजाते हुए उनके घर के बाहर गश्त कर रही थी। मगर पुलिस को बदमाशों लूटपाट करने की भनक नहीं लगी। अनुमान है कि दो बदमाश उनके मकान के पीछे की दीवार से सीढ़ी लगाकर छत पर पहुंचे होंगे और फिर अंदर दाखिल हो गए। अमजद के मुताबिक उन्होंने अपना एक प्लॉट बेचा था, जिसके दो लाख अस्सी हजार रुपये घर में रखे थे। बदमाशों के चले जाने के काफी देर बाद परवीन ने पति के हाथ पैर खोले। उनके शोर मचाने पर आसपास के लोग जमा हो गए, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इस घटना की रिपोर्ट सीबीगंज थाने में दर्ज करा दी गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें