बिथरी (बरेली)। सावन माह के पहले दिन इलाके में गोवंशीय पशु के अवशेष मिलने से हंगामा हो गया। सूचना पर विश्व हिंदू परिषद के महामंत्री कार्यकर्ताओं के साथ पहुंच गए। इंस्पेक्टर ने मौके पर जाकर लोगों को शांत किया। विहिप नेता और किसान दोनों की तहरीर पर दो अलग मामले दर्ज किए गए हैं।
बुधवार सुबह कंथरिया गांव जाने वाले रास्ते के किनारे गोवंशीय पशु के अवशेष पड़े थे। वहां से गुजर रहे ग्रामीण किशन पटेल की नजर पड़ी तो उन्होंने गोवंशीय पशुओं के कटान की सूचना गांव में दे दी। तब थोड़ी ही देर में सैकड़ों ग्रामीण आ गए और हंगामा करने लगे। सूचना पर विश्व हिंदू परिषद के महामंत्री राजेंद्र सिंह कन्नौजिया कार्यकर्ताओं के साथ आ गए। राजेंद्र सिंह ने फोन पर सीओ थर्ड कुलदीप सिंह को घटना की जानकारी दी। इसके बाद इंस्पेक्टर ललित मोहन पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने हंगामा कर रहे ग्रामीणों को शांत किया। कहा कि तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। पशुओं के अवशेष मिट्टी में दबा दिए गए। पुलिस ने विहिप नेता राजेंद्र सिंह और ग्रामीण किशन पटेल की तहरीर पर अज्ञात पशु तस्करों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम के तहत दो रिपोर्ट दर्ज की हैं। पुलिस तस्करों की तलाश कर रही है।