बरेली। अजितेश उर्फ अभि के पिता हरीश कुमार ने कहा कि जाने-अनजाने बच्चों ने बेशक गलत कदम उठाया है, लेकिन वह उनके अभिभावक हैं और इसलिए अब दोनों बच्चे उनके हैं। हरीश ने कहा कि उनके विधायक राजेश मिश्रा से दस साल पुराने संबंध हैं। अभि का उनके घर आना-जाना था तो विधायक का बेटा उनके घर आता था। बोले, बच्चों के हित का सवाल आएगा तो वह विधायक जी के पैर छूकर भी माफी मांग लेंगे।
‘अमर उजाला’ से बातचीत में हरीश कुमार ने कहा कि दोनों बच्चों के बीच क्या चल रहा है, इसकी जानकारी उन्हें भी नहीं थी। पिछले महीने 13 जून को ही इस बारे में पता चला। बच्चों का इस तरह भागना वह भी अनुचित मानते हैं। उन्हें परिवारों को विश्वास में लेना चाहिए था। मां-बाप ज्यादा बेहतर फैसला ले सकते थे। चैनल में उन्हें इंटरव्यू भी नहीं देना चाहिए था। हरीश ने कहा कि विधायक जी ने भले ही बच्चों से संबंध न रखने की बात कही है लेकिन वह जिम्मेदारी से नहीं भाग सकते। विधायक जी के इलेक्शन में उन्होंने और उनके बेटे ने पूरा सहयोग किया था। उनका बेटा विषम परिस्थितियों में भी विधायक जी का साया बनकर साथ रहा है। जो लोग आज पुराने फोटो जारी कर उसका चरित्र हनन कर रहे हैं, वे तब कोई नहीं दिखते थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि लोग चैनल और सोशल मीडिया में संघर्ष जैसे स्थिति बनाना चाहते हैं जबकि दोनों बच्चों के बीच दोस्ती और प्यार का मामला है। राजीव राणा जैसे लोग गलत हैं और अब दुष्प्रचार करा रहे हैं। उन्होंने बच्चों से कहा है कि मीडिया से दूरी बना लें, क्योंकि बात का बतंगड़ बनाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया किसी थाने में उनके बेटे पर कोई एफआईआर दर्ज नहीं है।