बरेली। भाई की तबियत खराब होने पर उसकी जगह फूड डिलीवरी का काम करने गए युवक से बिरयानी की दुकान वालों ने मारपीट की। डीआईजी के आदेश पर थाना प्रेमनगर में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
बारादरी क्षेत्र के जोगी नवादा निवासी शकील बेग जोमैटो कंपनी में फूड डिलीवरी का काम करते हैं। कुछ दिन से उनकी तबीयत खराब होने के कारण उन्होंने अपने भाई फैजान को अपनी जगह काम पर भेज दिया था। फैजान के मुताबिक अल नवाज बिरयानी सेंटर पर बिरयानी का आर्डर लेने गए तो वहां काम करने वाले मुकर्रम में उनका मोबाइल का चार्जर छीन लिया। छीनाझपटी में वहां काउंटर पर रखे कुछ बर्तन गिर पड़े थे। आरोप है कि इस पर तीनों लोगों ने उन्हें बुरी तरह पीट दिया। झगड़े की सूचना पर वहां पहुंचे शकील से भी दुकान मालिक व अन्य ने बदतमीजी की। फैजान ने बताया कि यूपी 100 पर शिकायत की तो पुलिस वालों ने थाने लेजाकर जबरन समझौता करा दिया था। ब्यूरो