बरेली। आईएमसी के प्रमुख मौलाना तौकीर रजा से मुलाकात कर उनके आवास में हुई तीस लाख रुपये की चोरी के बाबत जानकारी की। बताया कि जल्द ही पुलिस चोरों का पता लगा लेगी। मौलाना ने उन्हें इत्मीनान से काम करने और सही खुलासा करने की सलाह दी।
नबीरे आला हजरत मौलाना तौकीर रजा खां रविवार शाम पत्नी के साथ दिल्ली गए थे, रात को चोरों ने मेन गेट का ताला खोलकर पूरा घर खंगाल लिया। सोमवार शाम चोरी का पता लगने के बाद उनके साले अतहर ने कोतवाली में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। चोरी मेन गेट के ताले को चाबी से खोलकर और चुनिंदा कमरों से सामान निकालकर की गई। इस ताले की चाबी तीन दिन पहले गायब भी हो गई थी। इसलिए पुलिस को शक है कि किसी बेहद करीबी शख्स ने चोरी की या करवाई है। तब से अब तक पुलिस खुलासा नहीं कर सकी है। अब तक कोतवाल पंकज वर्मा छुट्टी पर थे तो मौलाना भी जरूरी काम से दिल्ली में थे। बृहस्पतिवार को दोनों की मुलाकात हुई। कोतवाल वर्मा महिला दरोगा सुमन और पुलिस टीम को लेकर उनके घर गए। वहां मौलाना तौकीर से वार्ता कर जानकारी ली कि उन्हें किसी पर शक तो नहीं है। साथ ही नकदी और जेवर को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की। बताया कि सीसीटीवी फुटेज से स्कूटी पर बैठकर जा रहे दो लोगों की धुंधली तस्वीरें मिल रही हैं। न तो स्कूटी पर नंबर है और न ही चेहरों की पहचान हो पा रही है। पुलिस अपनी ओर से खुलासे की पूरी कोशिश कर रही है। कोतवाल के मुताबिक मौलाना तौकीर ने पुलिस की अब तक की कार्रवाई पर संतोष जताया। साथ ही कहा कि सही खुलासा किया जाए।