देवरनिया (बरेली)। डीएसआर डिग्री कॉलेज के पूर्व प्रबंधक सहित दो लोगों के खिलाफ अदालत के आदेश पर छेड़छाड़, दुष्कर्म और मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। नौ माह पहले छात्रा ने यह आरोप लगाए थे, तब पुलिस ने मामला रफादफा कर दिया था। छह महीने पहले इस कॉलेज को खरीदकर नाम भी बदल दिया गया।
थाना देवरनियां के रिछा जहानाबाद मार्ग पर गांव राठ के पास डीएसआर डिग्री कॉलेज स्थापित है। अब इसका नाम सरदार बल्लभ भाई पटेल डिग्री कॉलेज हो गया है। छह महीने पहले तक इसके प्रबंधक देवेंद्र सिंह राठौर थे। बीएससी की एक छात्रा ने 6 अक्तूबर 2018 को उनके खिलाफ छेड़छाड़ और दुष्कर्म का आरोप लगाया था। छात्रा का कहना है कि देवेंद्र सिंह ने उसे पढ़ाने के बहाने अपने कक्ष में बुलाया था। उससे पूछा कि उसे क्या नहीं आता? छात्रा ने जूलॉजी विषय में खुद को कमजोर बताया तो प्रबंधक ने उसकी किताब लेकर आने को कहा। छात्रा के मुताबिक जब वह पढ़ाई के लिए कक्ष में गई तो प्रबंधक ने उससे अश्लील हरकतें कीं। वह सहम गई और अपने घर चली गई। उसने शर्म और डर की वजह से यह घटना परिवार को नहीं बताई। तब देवेंद्र सिंह ने सोचा कि उसे ऐसी हरकतों से कोई दिक्कत नहीं है। छात्रा के मुताबिक दूसरे दिन देवेंद्र सिंह ने उसके साथ अपने कार्यालय कक्ष में ही दुष्कर्म किया। तब वह डरी हुई घर पहुंची। उसने किसी को कुछ नहीं बताया और कॉलेज जाना छोड़ दिया। पिता ने कॉलेज न जाने की वजह पूछी तो उसने घटना के बारे में बता दिया। उसके पिता ने कॉल करके गुस्सा जताया तो देवेंद्र ने अगले दिन मिलने को बुलाया। जब उसके पिता अगले दिन कॉलेज पहुंचे तो वहां देवेंद्र के साथ ही उसकी मां ने भी उनके साथ मारपीट की। देवेंद्र की मां ने तो यूपी 100 पुलिस बुलाकर उन्हीं लोगों को फंसाने की कोशिश की।
छात्रा के मुताबिक उसके पिता तब रिपोर्ट कराने गए तो देवरनियां थाना पुलिस ने दोनो पक्षों को आमने-सामने कराकर फैसला कराने की कोशिश की। देवेंद्र का भी समझौते का दबाव था पर उसके पिता ने कोर्ट की शरण ली। अब कोर्ट के आदेश पर डीएसआर कॉलेज के प्रबंधक देवेंद्र और उसकी मां के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। इंस्पेक्टर रामनरेश माथुर ने बताया कि छात्रा के पिता की ओर से रिपोर्ट लिखी गई है। विवेचना में सच का पता लगाया जाएगा। वहीं, पूर्व प्रबंधक देवेंद्र सिंह का कहना था कि उस वक्त आरोप साजिश के तहत लगाए गए थे। जांच में मामला झूठा निकला, तभी पुलिस ने रिपोर्ट नहीं लिखी। अब विवेचना में सब साफ हो जाएगा।
इस कॉलेज को मैंने छह महीने पहले ले लिया था। इसका नाम अब डीएसआर नहीं बल्कि सरदार बल्लभ भाई पटेल डिग्री कॉलेज है। देवेंद्र सिंह से भी कॉलेज का कोई मतलब नहीं है। - डॉ. हरिशंकर गंगवार, चेयरमैन, सरदार बल्लभ भाई पटेल डिग्री कॉलेज