बरेली। जगतपुर में मंगलवार रात सवा बजे घर के बाहर टॉयलेट के बहाने आया छात्र फरार हो गया। परिवार ने उसके अपहरण की रिपोर्ट दर्ज करा दी। बारादरी पुलिस ने छानबीन की तो पता लगा कि छात्र पढ़ाई नहीं करना चाहता था, इसलिए फरार हो गया। सुबह दिल्ली में परिचित ऑटो ड्राइवर ने स्टूडेंट को पहचानकर घरवालों को सूचना दे दी। घरवाले पुलिस के साथ उसे ले आए।
जगतपुर होली चौक निवासी छत्रपाल ने मंगलवार रात दो बजे बारादरी इंस्पेक्टर गीतेश कपिल को सूचना दी कि उनका 15 साल का बेटा संकेत पटेल जीआरएम स्कूल में नवीं कक्षा का छात्र है। वह रात सवा बजे घर के बाहर टॉयलेट को गया था। इसके बाद वह लापता हो गया। उन्हें लगता है कि कोई अज्ञात व्यक्ति उसे फुसलाकर साथ ले गया। उन्हें डर है कि बेटे के साथ कोई घटना न हो जाए। इंस्पेक्टर ने रात में ही अपहरण की रिपोर्ट दर्ज करा दी। इसके बाद संकेत के कमरे की तलाशी ली तो उसमें एक कागज पर संकेत की ओर से लिखा मिला कि पढ़ाई नहीं कर पा रहा, मैं जा रहा हूं, मुझे तलाश मत करना।
इससे साफ हो गया कि संकेत खुद ही घर से गया है, किसी ने उसका अपहरण नहीं किया। मोबाइल बंद होने की वजह से उसकी लोकेशन मिलने की भी समस्या थी। हालांकि सुबह दस बजे करीब आई एक कॉल ने परिवार की टेंशन काफी हद तक खत्म कर दी। बदायूं जिले के दातागंज निवासी एक ऑटो ड्राइवर संकेत को पहचानता था। वह दिल्ली के पौड़ा गांव से ऑटो लेकर निकला था। उसने संकेत को वहां देखा तो यहां आने की वजह पूछी। संकेत ने साफ-साफ बता दिया कि वह घर से भागकर आया है। तब ड्राइवर ने उससे नंबर लेकर अपने मोबाइल से संकेत के पिता को कॉल करके संकेत के अपने पास होने की बात बताई। पिता-पुत्रों की बात भी करा दी। संकेत के पिता की सूचना पर बारादरी पुलिस की एक टीम भी उनके साथ भेज दी गई। दोपहर बाद परिवार संकेत के पास पहुंच गया और उसे लेकर बरेली रवाना हो गया। संकेत के पिता ने बताया कि पढ़ाई को लेकर बेटे पर कोई दबाव नहीं है। पता नहीं उसे क्या धुन सवार हुई जो घर से निकल गया। अब उसे अपने इस तरह भागने पर पछतावा है। कह रहा है कि भविष्य में ऐसी गलती नहीं करेगा। इंस्पेक्टर गीतेश कपिल ने बताया कि संकेत के आने पर उसके बयान के आधार पर मामला खत्म कर दिया जाएगा।