बरेली। बारादरी थाना क्षेत्र की सनराइज कॉलोनी में किरायेदार ने परिवार समेत मकान मालकिन पर हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपियों के खिलाफ बारादरी थाने में रिपोर्ट लिख ली गई है। पुलिस ने पिता-पुत्रों को थाने में बैठा रखा है। वह भी मकान मालकिन पर आरोप लगा रहे हैं।
सनराइज कॉलोनी निवासी रमा भारती के पति भैयालाल आईटीबीपी से रिटायर हैं और गांव में रहते हैं। रमा ने मकान में किरायेदार रमेश चंद्र व उनके परिवार को रख रखा है। बताते हैं कि कई साल से घर में रह रहे रमेश चंद्र मकान खाली करना नहीं चाहते। इस बात पर पहले भी कई बार झगड़ा हो चुका है। मंगलवार देर रात रमा ने रमेश चंद्र से मकान खाली करने को कहा। आरोप है कि रमेश ने बेटे हरेंद्र और दो अन्य लोगों के साथ मिलकर उन पर हमला कर दिया। उनके सिर पर डंडे मारे। हाथों पर दांत से काट लिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। पड़ोसी आए तो इन लोगों के चंगुल से उन्हें छुड़ाया जा सका। थाने से उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया। हालत ज्यादा नाजुक होने पर उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। रमा की ओर से चारों के खिलाफ रिपोर्ट लिखी गई है। इंस्पेक्टर बारादरी गीतेश कपिल ने बताया कि आरोपियों ने भी तहरीर देकर रमा पर अकारण मारपीट और झगड़े का आरोप लगाया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।