बरेली। फाल्ट दुरुस्त करने के नाम पर सप्लाई सुबह से शाम तक कई किश्तों में बंद की जा रही है। बिजली के आने-जाने का सही जवाब अधिकारी भी नहीं दे पा रहे। व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। इससे गुस्साए उद्योग व्यापार मंडल और ट्रांसपोर्ट यूनियन ने मंगलवार को संयुक्त प्रदर्शन किया। शहर अध्यक्ष रामकृष्ण शुक्ला के नेतृत्व में तमाम कारोबारी चीफ इंजीनियर कार्यालय पहुंचे। इन लोगों ने प्रदर्शन कर कहा कि फाल्ट सही करने के नाम पर घंटों सप्लाई गुल हो रही है। उपकेंद्र पर शिकायतकर्ता की सुनवाई नहीं हो रही। शुक्ला ने कहा कि बरेली शहर नो ट्रिपिंग जोन में शामिल है, इसके बावजूद लगातार सप्लाई गुल हो रही है। शुक्ला के साथ दीपक द्विवेदी, कपिल मेहरोत्रा, राजेश कुमार, संजय शर्मा, अतुल गंगवार, विष्णु शुक्ला आदि ने ज्ञापन सौंपा है।