बरेली। सीबीगंज के हुनसा गांव में सप्ताह भर पहले घर में घुसे नकाबपोश बदमाश गृहस्वामी को पीटकर दो भैंसों के साथ ही कुछ नकदी लूट ले गए। घायल गृहस्वामी निजी अस्पताल में इलाज करा रहे थे। मंगलवार को उन्होंने एसपी क्राइम के सामने पेश होकर बताया कि अब सीबीगंज पुलिस उनकी रिपोर्ट नहीं लिख रही है। उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। कलीमुद्दीन ने एसपी क्राइम रमेश भारतीय को बताया कि 25 जून की रात एक बजे वो पशुशाला में सो रहे थे। तभी करीब सात नकाबपोश बदमाश दीवार कूदकर अंदर घुसे और उन्हें चारपाई पर ही दबोच लिया। लोहे की रॉड, छुरी और डंडों से उनके ऊपर हमला किया। वे बेहोश हो गए तो ये लोग मरा समझकर छोड़ गए। वहां बंधी करीब डेढ़ लाख की दो भैंस, 7586 रुपये और पशुशाला में रखा कुछ सामान भी चोरी कर ले गए। बताया कि रात में ही कॉल की तो यूपी 100 पुलिस पहुंच गई। तब से वह अस्पताल में भर्ती थे। लौटकर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी तो पुलिस ने रिपोर्ट नहीं लिखी।