बरेली। नगर निगम ने काफी खर्च कर कुतुबखाना चौराहे पर ट्रैफिक लाइटें लगवाई हैं। अभी इन्हें बिजली की लाइन से भी जोड़ा नहीं जा सका है, इससे पहले ही किसी वाहन की टक्कर से किला साइड की लाइट क्षतिग्रस्त भी हो गई है। संकरे चौराहे पर ट्रैफिक लाइटें लगने का औचित्य पहले ही समझ नहीं आ रहा था, अब चालू होने से पहले ही इनका क्षतिग्रस्त होना चर्चा में है।
शहर की यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए संयुक्त प्रयास के तौर पर पिछले साल नगर निगम ने कुतुबखाना चौराहे पर ट्रैफिक लाइटें लगाने का प्रस्ताव पास किया था। लोकसभा चुनाव की वजह से लाइटों का लगना उस वक्त टल गया। चुनाव के बाद लाइटें लगा दी गईं। अब करीब सप्ताह भर से लाइटें लगी हुई हैं। इनमें बिजली का कनेक्शन अब तक नहीं हो सका है। चार दिन पहले नगर निगम के पथ प्रकाश विभाग की क्रेन कनेक्शन करने गई थी। संकरे चौराहे पर कनेक्शन करने की कोशिश में क्रेन टूट गई। गनीमत रही कि कोई स्टाफ या राहगीर घायल नहीं हुआ। उस दिन के बाद से विभाग कनेक्शन की हिम्मत नहीं जुटा सका है। अब चौपुला साइड से आकर कुतुबखाना चौक से किला रोड के मोड़ पर सुर्मे की दुकान के बाहर लगी ट्रैफिक लाइट का निचला हिस्सा किसी वाहन की टक्कर से टूट गया है। लाइट लटकी पड़ी है, जो जल्द मरम्मत न होने पर नीचे भी गिर सकती है।
लाइटें नगर निगम ने लगवाई हैं। वही उन्हें चालू कराएगा और मेंटीनेंस की जिम्मेदारी संभालेगा। लाइटें चालू होने के बाद उसी मानक से कुतुबखाना पर स्टाफ की तैनाती कर दी जाएगी।
- एससी गंगवार, एसपी ट्रैफिक
चार दिन पहले टीम बिजली कनेक्शन करने गई तो काफी परेशानी आई। कनेक्शन से पहले ही एक्सीडेंट हो गया। जिसमें स्टाफ बाल-बाल बच गया। जब आदेश मिलेगा तभी कनेक्शन करने टीम जाएगी।
- जितेंद्र उपाध्याय, पथ प्रकाश निरीक्षक, नगर निगम