बरेली। नगर निगम की अतिक्रमण विरोधी टीम ने मंगलवार को डीडीपुरम और कुदेशिया फाटक से मिनी बाईपास रोड तक ठेलों, खोमचों और रेता बजरी के ढेरों पर लाल निशान लगाए।
कुदेशिया फाटक, डीडीपुरम और मिनी बाईपास पर कई बड़े शोरूम, दुकान वालों ने पक्का अतिक्रमण कर रखा है लेकिन टीम को ये निर्माण नजर नहीं आते। इसके बजाय टीम को सिर्फ सड़कों पर लगाए गए ठेले, खोमचे वाले ही अतिक्रमण करते दिखते हैं। अतिक्रमण विरोधी अभियान प्रभारी ललतेश कुमार सक्सेना के नेतृत्व में टीम ने जब लाल निशान लगाना शुरू किया तो ठेले वालों से उनकी नोकझोंक भी हुई। वे गिड़गिड़ाए भी पर सुनवाई नहीं हुई। प्रभारी के मुताबिक बुधवार की सुबह दस बजे तक अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं। अगर ठेले-खोमचे नहीं हटाए गए तो नगर निगम उनको हटाने की कार्रवाई शुरू करेगा।
शोरूम संचालकों, दुकानदारों में भी खलबली
नगर निगम की इस कार्रवाई से बाईपास स्थित कई शोरूम संचालकों और दुकानदारों में भी खलबली है। अतिक्रमण प्रभारी का दावा है कि पूर्व में यहां अतिक्रमण हटाने के लिए लाल निशान लगाए जा चुके हैं। यह लोग खुद अतिक्रमण हटा लें अन्यथा उन पर जुर्माना लगेगा और मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।