बहेड़ी। थाने के अंदर सिपाही से मारपीट कर आरोपी को छुड़ाकर ले जाने के मामले में अमर उजाला की खबर और एडीजी के ट्वीट के बाद एसएसपी ने जांच बैठा दी है। पुलिस ने थाने के बाहर दो पक्षों की मारपीट का मामला तो मान लिया है पर सिपाही से मारपीट और आरोपी को ले जाने की बात को सही नहीं बता रही है। अब सीओ इस आरोप की जांच कर रिपोर्ट देंगे। लोग दावा कर रहे हैं कि सीसीटीवी फुटेज चेक करा ली जाए तो सच सामने आ जाएगा।
केसर चीनी मिल कॉलोनी के दो पक्षों के बीच मारपीट का विवाद हुआ था। शनिवार रात एक पक्ष की शिकायत पर दूसरे पक्ष के एक युवक को पुलिस थाने ले आई थी। आरोप है कि एक पक्ष के करीब चालीस लोग थाने में सिपाही से मारपीट कर अपने साथी को छुड़ा ले गए थे। युवक रसूख वाले थे, इसलिए सिपाही भी सहम गया। बताते हैं कि घटना के वक्त सिपाही सही हालत में नहीं था और उसका रिकार्ड भी अच्छा नहीं रहा है। पुलिस ने आननफानन में पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर लेकर एनसीआर दर्ज कर ली। सुबह होते ही पुलिस ने दोनो पक्षों पर निरोधात्मक कार्रवाई कर डाली।
उधर, एडीजी ने एसएसपी को ट्वीट करके जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। चंद घंटों बाद बरेली पुलिस की ओर से एडीजी को ट्वीट का जवाब दिया गया कि पुलिस ने एक पक्ष की तहरीर पर सुरेंद्र के खिलाफ एनसीआर लिखी है और दोनों पक्षों पर निरोधात्मक कार्रवाई की है। थाने से युवक को छुड़ाने का मामला सही नही है।
इस मामले में अभी तक दो पक्षों की मारपीट का मामला सामने आया है। सिपाही से मारपीट और आरोपी छुड़ा ले जाने के आरोप की जांच सीओ बहेड़ी को दी है। हर पहलू पर जांच करके वे जो रिपोर्ट देंगे, उस पर कार्रवाई की जाएगी। - शैलेश पांडेय, एसएसपी