आंवला। रेलवे स्टेशन पर बरेली-दिल्ली पैसेंजर ट्रेन से कटकर अपने डेढ़ और छह माह के बच्चे के साथ खुदकुशी करने की कोशिश करने वाली महिला की चुप्पी के चलते कोतवाली पुलिस दूसरे दिन भी उसके बारे में कोई जानकारी नहीं जुटा पाई। पुलिस अब महिला को उसके बच्चों के साथ अदालत में पेश करने की बात कह रही है।
शुक्रवार को रेलवे स्टेशन पर ट्रेन आती देख महिला दोनों बच्चों को लेकर ट्रैक पर कूद गई। गति धीमी होने की वजह से चालक ने गाड़ी रोक दी थी। इसके बाद यात्रियों ने महिला को ट्रैक से हटाकर उसे रेलवे पुलिस को सौंप दिया। महिला के कुछ न बोलने की वजह से रेलवे पुलिस ने कोतवाली के हवाले कर दिया। कोतवाल सुनील कुमार ने बताया कि महिला से पूछताछ कर उसके बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश की, लेकिन उसकी भाषा समझ में न आने से उसके बारे में कुछ पता नहीं चल सका। हालांकि बोलचाल से महिला के बंगाल की होने का अनुमान लगाया जा रहा है। परिवार और नाम-पते के बारे में पूछने पर महिला चुप्पी साध लेती है। अब उसे अदालत में पेश किया जाएगा।