बिशारतगंज/अलीगंज। शरद पूर्णिमा पर दादी के साथ रामगंगा में स्नान करने गया एक सात वर्षीय मासूम डूब गया। गोताखोरों की मदद से देरशाम तक उसकी तलाश की गई, लेकिन वह नहीं मिला। सोमवार सुबह मासूम की तलाश फिर शुरू होगी।
अलीगंज थाना क्षेत्र के गांव चुरहा नवदिया की निवासी हरप्यारी अपनी पोती रिंकी (10) और पोता लक्की (7) के साथ रविवार सुबह बिशारतगंज इलाके के गांव गोकिलपुर के समीप रामगंगा में स्नान करने गईं थीं। नदी में स्नान करते समय हरप्यारी ने रामगंगा में गंगाफल को विसर्जित किया। इस पर दोनों बच्चे उसे पकड़ने लगे। इस दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों को डूबता देख हरप्यारी ने रिंकी का हाथ पकड़कर खींच लिया, लेकिन लक्की गहरे पानी में चला गया। देर शाम तक लक्की की खोजबीन नहीं हो सकी। ब्यूरो