नवाबगंज। साइकिल से कोचिंग पढ़कर लौट रही छात्रा को रास्ते में रोककर एक शोहदा छेड़खानी करने लगा। विरोध किया तो छात्रा से जोर-जबरदस्ती करने लगा। इस पर छात्रा शोहदे से भिड़ गई और बाल पकड़कर उसे सड़क पर गिरा लिया। इसके बाद उस पर थप्पड़ों-घूंसों की बारिश कर दी। बीच सड़क पर हंगामा होता देख ग्रामीण पहुंचे तो शोहदा बाइक लेकर भाग गया। घटना की तहरीर छात्रा ने थाना नवाबगंज में दी है।
थाना क्षेत्र के एक गांव की छात्रा पंडरा में कोचिंग पढ़ने आती है। गुरुवार एक बजे छात्रा कोचिंग पढ़कर साइकिल से घर लौट रही थी, तभी रास्ते में दूसरे समुदाय के युवक ने बाइक आगे लगाकर उसे रोक लिया। युवक ने छात्रा को बुरी नीयत से दबोच लिया और छेड़खानी करने लगा। इस पर छात्रा हिम्मत कर उससे भिड़ गई। शोहदे को बाल पकड़कर जमीन पर पटक दिया और फिर थप्पड़ों-घूंसों की बारिश कर दी। मारपीट में छात्रा की कोहनी में भी चोट लग गई। बीच सड़क पर हंगामा होता देख खेतों में काम कर रहे किसान और राहगीर मौके पर पहुंचे तो शोहदा जान से मारने की धमकी देते हुए बाइक लेकर भाग गया। शोहदे के दूसरे समुदाय का होने से गांव में तनाव बना हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही छात्रा के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। घटना की तहरीर छात्रा ने थाना नवाबगंज में दी है।
छात्रा की तहरीर मिल गई है। पुलिस को भेजकर जांच कराई जा रही है। आरोपी घर से फरार है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - गौरव सिंह, कोतवाल नवाबगंज