बरेली। सिविल लाइन में सीए साहिल गुप्ता के बंद घर में करीब सत्रह लाख रुपये की चोरी कर ली गई थी। शनिवार शाम जब साहिल अपने पिता को गुड़गांव के अस्पताल में भर्ती कराकर घर लौटे तो उन्हें इसका पता लगा। कोतवाली पुलिस ने मुआयना किया तो पता लगा कि घर के सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी चोर साथ ले गए। पुलिस अब बाहरी रास्तों और घर के पीछे लगे पड़ोसी के सीसीटीवी कैमरों में पिछले तीन दिनों की फुटेज देख रही है। दरअसल साहिल 19 दिसंबर को घर बंद करके गए थे ऐसे में चोरी किस दिन हुई ये पता नहीं लग पा रहा है। एसआई सिद्धांत शर्मा मामले की जांच कर रहे हैं। चोर काफी जल्दबाजी में थे जिसकी वजह से दूसरे कमरों में रखा काफी कैश और जेवर बच गए। इससे पुलिस को लग रहा है कि यह किसी प्रोफेशनल गैंग का काम नहीं है, बल्कि एक या दो ऐसे शख्स हैं जिन्हें अपने पहचाने जाने का खतरा है। ब्यूरो