गर्भवती होने पर पत्नी की मदद से करा दिया गर्भपात, रिपोर्ट दर्ज
बरेली। मंदिर में सफाई करने वाली नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के मामले में डीआईजी के आदेश पर बारादरी पुलिस ने पुजारी और उसकी पत्नी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
बारादरी के संजयनगर में स्थित पखड़िया मंदिर में एक किशोरी पूजा करने जाती थी। मंदिर का पुजारी शिवम शर्मा उसे दोपहर में मंदिर की सफाई के लिए बुलाने लगा। आरोप है कि दो और नौ मई को शिवम ने किशोरी से दुष्कर्म किया। किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। गर्भ ठहरने पर पत्नी की मदद से गर्भपात करा दिया। 13 अगस्त को किशोरी के पेट में दर्द हुआ तो उसका पिता शाहदाना चौराहे के पास निजी अस्पताल में महिला डॉक्टर के पास ले गया। डॉक्टर ने बताया कि किशोरी का गर्भपात हो चुका है। इसके बाद लड़की ने मई में हुई घटना के बारे में पिता को बताया। पिता ने शिवम से शिकायत की तो वह माफी मांगने लगा। पिता का कहना है कि 30 नवंबर को उसकी पुत्री घर से बाहर जा रही थी, तभी शिवम ने उसे रोक लिया और धमकी दी कि कल मंदिर नहीं आई तो उसके पिता को जान से मार देगा। यह सुनकर किशोरी डर गई। घर पहुंचकर पिता को जानकारी दी। उसके पिता थाना बारादरी गए तो पुलिस ने उन्हेें भगा दिया। पीड़ित व्यक्ति ने डीआईजी से शिवम शर्मा और उसकी पत्नी अर्चना शर्मा के खिलाफ कार्रवाई की गुहार करते हुए गिरफ्तार करने की गुहार की। डीआईजी के आदेश पर बारादरी पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर बारादरी नरेश त्यागी ने बताया कि मामले की जांच की जाएगी।