बरेली। बरेली कॉलेज की छात्रा को होटल ले जाकर दुष्कर्म करने के मामले में बुधवार को पुलिस जांच करने कॉलेज पहुंची। पुलिस ने घटना वाले दिन का छात्रा की कॉलेज में उपस्थिति का रिकार्ड देखा और लौट गई।
इज्जतनगर इलाके की बीए फाइनल में पढ़ने वाली छात्रा को करीब दो महीने पहले एक युवक घुमाने के बहाने बरेली कॉलेज गेट से बाइक पर बैठाकर ले गया था और एक होटल में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया था। रिपोर्ट दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस इस मामले में जांच कर रही है। बुधवार सुबह सबइंस्पेक्टर मोइन अली ने प्राचार्य कार्यालय पहुंचकर छात्रा की घटना वाले दिन की उपस्थिति की तस्दीक कराने का आग्रह किया। प्राचार्य ने उन्हें संबंधित विभागों में भेज दिया गया। रिकार्ड देखने से यह पुष्टि हो गई कि घटना वाले दिन छात्रा कॉलेज आई थी और उसने क्लास भी अटेंड की थीं। सबइंस्पेक्टर ने बताया कि पीड़ित की ओर से जिस होटल का दुष्कर्म किया जाना बताया गया है, वहां उस तारीख में छात्रा या युवक का कोई रिकार्ड नहीं मिला है। इसीलिए छानबीन की जा रही है। प्राचार्य डॉ. अनुराग मोहन ने बताया कि पुलिस इस मामले में जो जानकारी चाहती थी, उसे दिलवा दी गई है।