बरेली। स्कूल जा रही छात्रा का पीछा और अश्लीलता करने वाले युवक को छात्रा के पिता ने टोका तो उसने घर पर हमला बोल दिया। गुरुवार को छात्रा को लेकर उसकी मां एसएसपी ऑफिस पहुंची। शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की। दबंगों से जानमाल का खतरा भी बताया। थाना बारादरी के संजय नगर इलाके की कक्षा सात की छात्रा से मोहल्ले का युवक कई दिनों से छेड़छाड़ कर रहा था। कई बार छात्रा को रास्ते में रोक कर अश्लील कमेंट किए। सोमवार को दो अन्य दोस्तों के साथ युवक ने छात्रा से छेड़छाड़ कर दी। परेशान छात्रा ने अपने घर पर बताया। इसके बाद छात्रा के पिता ने मंगलवार को युवक को रास्ते में रोक कर हिदायत दी कि अगर अब उसकी बेटी को परेशान किया तो पुलिस में शिकायत करेगा। आरोप है कि इससे बौखलाए युवक ने सात-आठ लड़कों के साथ असलाह लेकर घर में घुसकर मारपीट कर दी। एसएसपी ने मामले में बारादरी पुलिस को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।