मांझा कारोबारी से 35 हजार लूटने का आरोप, शिकायत पर जांच शुरू
बरेली। किला थाने के मोहल्ला स्वालेनगर होली चौक के पास जुआरियों ने पतंग-मांझा कारोबारी से 35 हजार रुपये लूट लिए। विरोध करने पर मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराने को थाने में तहरीर दी। रिपोर्ट दर्ज न होने पर मांझा कारोबारी की मां ने एसएसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। मोहल्ला स्वालेनगर होली चौक के पास रहने वाली आमना बेगम पत्नी मुन्ने का कहना है कि उसका बेटा रोहिन पतंग-मांझा का कारोबार करता है। बुधवार रात वह दुकान से घर आ रहा था। रास्ते में मोहल्ले के ही तीन-चार लोगों ने घेर लिया। यह लोग जुआ का धंधा करते हैं। रोहिन से मारपीट कर 35 हजार रुपये लूट लिए। शोर-शराबा होने पर रोहिन के भाई जाहिद और काशिम भी पहुंच गए। जुआरियों ने तीनों भाइयों को मारपीट कर जख्मी कर दिया। एसएसपी शैलेश पांडेय ने किला पुलिस ने जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।