सीबीगंज। फतेहगंज पश्चिमी के गांव भिटौरा फतेहगंज की सोमवती ने अपनी 20 वर्षीय बेटी पिंकी की शादी तीन महीने पहले सरनिया गांव के ओम प्रकाश के साथ ही थी। आरोप है कि ओम प्रकाश दहेज में 50 हजार रुपये की मांग को लेकर पिंकी को प्रताड़ित करता था। नाते-रिश्तेदारों के जरिये कई बार उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन ओम प्रकाश के व्यवहार में बदलाव नहीं आया। सोमवार शाम खबर मिली कि पिंकी की मौत हो गई है। सोमवती परिवार वालों के साथ पिंकी की ससुराल सरनिया पहुंच गई। सूचना पर सीओ द्वितीय सीमा यादव, एसओ बच्चू सिंह भी मौके पर पहुंच गए। सोमवती ने पिंकी के पति ओम प्रकाश के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। इंस्पेक्टर बच्चू सिंह का कहना है कि शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह साफ हो सकेगी।